मुजफ्फरनगर में 2 अक्तूबर को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।
डॉ. तेवतिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आज़ादी दिलाई। उनका जीवन सादगी, सेवा और त्याग का प्रतीक रहा है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की असली ताक़त को पहचाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कार्यालय की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, एएनएम पुष्पा रानी (अलमासपुर), आशा संगिनी निर्मला तथा ज्योति रानी को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने कार्यालय परिसर और बाहर सड़क पर स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए और समाज को सशक्त बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
मिशन शक्ति अभियान के तहत डॉ. तेवतिया रुड़की रोड स्थित मलिन बस्ती भी पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चियों और छोटे बच्चों को चॉकलेट, ट्रॉफी, पेन, पेंसिल और अन्य उपहार वितरित किए। उपहार पाकर बच्चे प्रफुल्लित हो उठे और उनके चेहरे खुशी से खिलखिला उठे। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग के बच्चों में आत्मविश्वास और प्रसन्नता का संचार करना था।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य संबंधित लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि गांधी और शास्त्री जी के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र को बेहतर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।















