दिल्ली में यमुना किनारे भव्य स्तर पर होगा छठ महापर्व का आयोजन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस बार यमुना नदी के दोनों किनारों पर छठ महापर्व का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। सरकार ने व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया है, ताकि किसी को भी पूजा के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में छठ पर्व की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, कपिल मिश्रा, मुख्य सचिव धमेंद्र और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यमुना के पल्ला से लेकर ओखला तक दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यमुना नदी में विसर्जन पर रोक है, लेकिन छठ पर्व में वैसे भी विसर्जन का कोई प्रावधान नहीं है। इसीलिए पूजा-अर्चना में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राजधानी में पूर्वांचल वासियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनकी धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यमुना के किनारों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी सभी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, जहां-जहां भी छठ पूजा का आयोजन होगा, सरकार वहां की व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी रखेगी।

सरकार का लक्ष्य है कि आस्था, प्रकृति और भावनाओं से जुड़े इस पर्व को पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाया जाए। इस घोषणा से दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल समाज में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि इस बार छठ पर्व और भी भव्य और सुविधाजनक तरीके से मनाया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts