मुजफ्फरनगर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर की ओर से सेवा पखवाड़ा पर्व एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जनशताब्दी वर्ष के शुभ अवसर पर एकदिवसीय जिला स्तरीय बॉक्सिंग बालक एवं क्रिकेट बालक प्रतियोगिताओं का आयोजन चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम मुजफ्फरनगर में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निरपाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलंपियन एवं अर्जुन अवार्डी बॉक्सर सतीश कुमार ने शिरकत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने ओलंपियन सतीश कुमार का पुष्पमाल्य पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण भी विशेष रूप से मौजूद रहे और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।आयोजन के दौरान समाजसेवी नरेंद्र कापका का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हर्षप्रीत ने भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रभारी खेल अधिकारी भूपेंद्र और उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई ने संयुक्त रूप से अतिथियों का स्वागत किया। पूनम बिश्नोई ने स्टेडियम स्टाफ का परिचय कराया तथा जिले में संचालित विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी मुख्य अतिथि को दी। वहीं प्रभारी खेल अधिकारी भूपेंद्र ने स्टेडियम की अवस्थाओं एवं खेल सुविधाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।मुख्य अतिथि डॉ वीरपाल निरपाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि जिले के खिलाड़ी निरंतर मेहनत और लगन के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत–हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त जरिया है। विशिष्ट अतिथि ओलंपियन सतीश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों से कहा कि कठिन मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है और यदि लगन व ईमानदारी से लक्ष्य साधा जाए तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।इस अवसर पर स्टेडियम प्रशिक्षक मनीष शर्मा, कुश्ती प्रशिक्षक प्रदीप, एथलेटिक्स अंशकालिक कोच सुशील कुमार, कनिष्ठ सहायक राकेश, भावना, ग्राउंड स्टाफ अनिल कुमार और इलेक्ट्रीशियन तिलकराम सहित पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़–चढ़कर भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।















