बुढ़ाना। मिशन शक्ति-5.0 केन्द्र का उद्घाटन बुढ़ाना कोतवाली में रालोद नेत्री अनुपमा चौधरी ने किया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को प्राथमिकता प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति-5.0 का शुभारम्भ बीते दिवस उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के कर कमलों द्वारा किया गया था। इसी अभियान के क्रम में आज बुढ़ाना कोतवाली परिसर में मिशन शक्ति केन्द्र की स्थापना कर उसका उद्घाटन भी किया गया। इस केन्द्र के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को त्वरित सहायता प्रदान करने, महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों का संज्ञान लेकर निस्तारण करने व उनके अधिकारों एवं विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक कराने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा मिशन शक्ति केन्द्र के अन्तर्गत रोजाना जन जागरुकता कार्यक्रम, सेमिनार, काउंसलिंग, कार्यशालाएं एवं हेल्प डेस्क सेवाएं भी संचालित की जाएंगी और साथ ही मिशन शक्ति-5.0 के अन्तर्गत पुलिस का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज में जागरूकता फैलाना है। यहां कोतवाल सुभाष अत्री, महिला दारोगा निधि शर्मा, रालोद नेत्री अनुपमा चौधरी और रिटायर्ड शिक्षिका संतोष आदि मौजूद रही।















