रूस ने यूक्रेन पर दागे 619 ड्रोन और मिसाइलें, 9 क्षेत्रों में तबाही, 3 की मौत

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गया है। शनिवार को रूस ने यूक्रेन पर अब तक का बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। इस भीषण हमले में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 26 से अधिक लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने एक साथ 619 ड्रोन और मिसाइलें दागीं, जिनका निशाना यूक्रेन के नौ क्षेत्र बने। इनमें निप्रॉपेट्रोस, मायकोलाइव, चेर्निहाइव, जापोरिजिया, पोल्टावा, कीव, ओडेसा, सुमी और खार्किव शामिल हैं। हमले के दौरान रिहायशी इलाकों, निजी संस्थानों और अहम बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।जेलेंस्की ने कहा कि रूस का मकसद नागरिकों में डर फैलाना और देश की आधारभूत संरचना को तबाह करना है, ताकि यूक्रेन कमजोर हो जाए। इस हमले से कई शहरों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। रेस्क्यू टीमों ने राहत और बचाव कार्य चलाकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।जेलेंस्की ने आगे कहा कि ऐसे हमलों से यूक्रेन के लोग डरने वाले नहीं हैं और वे अपनी जमीन की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात हो सकती है। दोनों नेताओं की बातचीत में युद्ध की स्थिति, शांति प्रयास और सहयोग को लेकर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा अमेरिका और यूक्रेन की प्रथम महिलाएं मानवीय मुद्दों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर आपसी बातचीत कर सकती हैं।

यह हमला एक बार फिर साबित करता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध अब और ज्यादा खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है और इसका असर न केवल दोनों देशों बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा पर पड़ रहा है।

यूक्रेन ने 552 ड्रोन मार गिराए

यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, रूस ने कुल 619 ड्रोन और मिसाइलें दागीं. इसमें 579 ड्रोन, 8 बैलिस्टिक और 32 क्रूज मिसाइलें शामिल थीं. यूक्रेनी सेना ने 552 ड्रोन, 2 बैलिस्टिक और 29 क्रूज मिसाइलें मार गिराईं और उन्हें निष्क्रिय कर दिया.

द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र के गवर्नर सेरही लिसाक ने बताया कि हमले में कम से कम 26 लोग घायल हुए. पूर्वी शहर द्निप्रो में कई ऊंची इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा हैं. नीप्रो शहर में एक क्लस्टर हथियारों से लैस मिसाइल ने एक बहुमंजिला इमारत पर हमला किया.

रूस ने एस्टोनिया के आरोप खारिज किए

इस बीच रूस ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन के आरोपों को खारिज किया है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके लड़ाकू विमानों ने कोई उल्लंघन नहीं किया. हालांकि एस्टोनिया सरकार ने कहा कि शुक्रवार को तीन रूसी फाइटर जेट बिना अनुमति उसके हवाई क्षेत्र में घुसे और करीब 12 मिनट तक उड़ते रहे.

इसके विरोध में एस्टोनिया ने एक रूसी राजनयिक को तलब किया है और नाटो के अनुच्छेद 4 के तहत परामर्श की मांग की है. यह अनुच्छेद तब लागू होता है जब किसी सदस्य देश की सुरक्षा, स्वतंत्रता या क्षेत्रीय अखंडता को खतरा हो.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts