मुजफ्फरनगर के सभागार में नेशनल इस्टीट्यूट होलेस्टिक हैल्थ (एनआईएच) का 7वां स्थापना दिवस मेरा वजूद फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ आचार्य डॉ. चन्द्रशेखर शास्त्री, डॉ. आर.एस. दवास, डॉ. राहुल बंसल, डॉ. पी.के. चौहान, एडवोकेट पवन दूबे, चेयरमैन एनआईएच डॉ. विनोद कश्यप, चेयरमैन मेरा वजूद फाउण्डेशन प्रवेन्द्र दहिया सहित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर योग और नैचरोपैथी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
डॉ. विनोद कश्यप ने कहा कि संस्था “स्वस्थ गांव, स्वस्थ भारत और चलो गांव की ओर” थीम पर कार्य कर रही है और योग को शहर से गांव तक पहुंचाना आवश्यक है। डॉ. आर.एस. दवास ने ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता जताई। आचार्य डॉ. चन्द्रशेखर शास्त्री ने योग की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने पर जोर दिया। डॉ. पी.के. चौहान ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय ने योग से संबंधित कई पाठ्यक्रम शुरू किए हैं जिससे आमजन को लाभ मिलेगा।
ग्रीन लैण्ड जूनियर हाई स्कूल, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज और योगाचार्या सीमा सिंह के विद्यार्थियों ने आकर्षक योग प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। अंत में डॉ. कीर्तिवर्धन, संजीव अग्रवाल और प्रवेन्द्र दहिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि बेहतर दिनचर्या, योग और नैचरोपैथी से स्वस्थ जीवन संभव है। इस अवसर पर सुरेन्द्र मान, सहदेव आर्य, सोनिया लुथरा, डॉ. धिरेन्द्र गुप्ता, डॉ. हबीब रहमान, डॉ. सुनील राजपूत सहित लगभग 60 लोगों को सम्मानित किया गया।















