मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा थाना प्रभारी बुढ़ाना के कुशल नेतृत्व में थाना बुढ़ाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मेरठ–करनाल हाईवे स्थित छंगा होटल के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति होटल के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। जब दोनों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 01 किलो 485 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करों से 02 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 02 प्लास्टिक के थैले और 60 जिपर पाउच भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल नशे की पैकिंग और तौल में किया जाता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी थाना बुढ़ाना पुलिस ने चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर 01 किलो 15 ग्राम स्मैक बरामद की थी और अब यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस दोनों अभियुक्तों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इनके नेटवर्क और सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस नशे के अवैध धंधे पर नकेल कसने के लिए लगातार सक्रिय है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















