मुजफ्फरनगर। जनपद के खिलाड़ियों ने 27 से 31 अगस्त 2025 तक चेन्नई, तमिलनाडु में आयोजित वाको इंडिया किकबॉक्सिंग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने जिले और प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया। प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का जनपद पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। किकबॉक्सिंग एसोसिएशन और जिलाधिकारी कार्यालय पर खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने खिलाड़ियों, कोच और एसोसिएशन पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।इस प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर से लगभग 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर शानदार प्रदर्शन किया। सात्विक मलिक ने 22 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। प्रियांशु ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। हर्षित भट्ट ने 26 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं सीनियर वर्ग में पिंकी ने छत्तीसगढ़ टीम के साथ कांस्य पदक जीता।
इसके अलावा चौधरी शिवराज और चौधरी पुष्पराज ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। आन्हा शोएब, मानवी, तेजस और अवन्य ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।खिलाड़ियों की इस सफलता पर पूरे जिले में हर्ष की लहर है। लोगों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया। खिलाड़ियों की मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया कि यदि सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।कोच मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे देश से लगभग 2000 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। उत्तर प्रदेश से 96 खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया। ऐसे में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीता है, उन्हें अब एशियाई किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। यह अवसर खिलाड़ियों के लिए न केवल गौरवपूर्ण है, बल्कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का मौका देगा।खिलाड़ियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच मनोज कुमार, पिंकी, राखी सूर्य देव और अपनी एकेडमी ‘सूर्य देव इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन, सैनिक विहार ए टू जेड रोड, मुजफ्फरनगर’ को दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और मेहनत के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से न केवल जनपद, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी कि वे खेलों की ओर आकर्षित होकर मेहनत और लगन से अपने सपनों को पूरा करें। राष्ट्रीय स्तर पर जीतकर लौटे खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बस सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।















