ए ए एजुकेशनल सोसाइटी और ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन द्वारा देवबंद में निःशुल्क मेगा हार्ट कैंप का आयोजन

सहारनपुर  देवबंद कस्बे में ए ए एजुकेशनल सोसाइटी और ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन के तत्वावधान में मोहल्ला गद्दीवाड़ा स्थित नंबरदार हाउस पर एक निःशुल्क मेगा हार्ट कैंप का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन फहीम नंबरदार ने फीता काटकर किया। कैंप में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और ईसीजी की सुविधा का लाभ उठाया। इस मौके पर मुजफ्फरनगर के गैलेक्सी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के विशेषज्ञ डॉक्टरों और दिल्ली हमदर्द मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं सर्जन डॉ. अजहान सिद्दीकी ने मरीजों की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कैंप में विशेष रूप से हृदय रोग से संबंधित बीमारियों की जांच की गई, ताकि मरीजों को समय रहते सही परामर्श और उपचार मिल सके। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को जीवनशैली में सुधार, खानपान पर ध्यान देने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया। शिविर में आए लोगों ने बताया कि यह पहल बेहद लाभकारी रही क्योंकि उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से बिना किसी शुल्क के इलाज और परामर्श मिला।

कैंप के समापन पर संस्था के पदाधिकारियों ने डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि यह उनका पहला हार्ट कैंप था, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी संस्था समय-समय पर समाज हित में कार्य करती रहती है। इनमें गरीबों को खाद्य सामग्री वितरण, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहयोग जैसी सेवाएं प्रमुख हैं।

इस अवसर पर उमर फारूक (महासचिव, ए ए एजुकेशनल सोसाइटी), डॉ. उस्मान मसूद (चेयरमैन, ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन), रमजी, नूर मोहम्मद, रोहित शर्मा, इब्राहीम, अकील, जुनैद सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में संस्थाओं के पदाधिकारियों और स्थानीय समाजसेवियों की सक्रिय भूमिका रही। यह मेगा हार्ट कैंप सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम साबित हुआ, जिसने स्थानीय समुदाय को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को सजग करने में अहम योगदान दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts