शाहपुर में आजाद समाज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसने पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। यह सम्मेलन बुढ़ाना विधानसभा के पूर्व विधायक नवाजिश आलम खान और पूर्व मंत्री अमीर आलम खान की अगुवाई में संपन्न हुआ। सम्मेलन में हजारों की भीड़ उमड़ी और कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ भागीदारी की। इस मौके पर पूर्व विधायक नवाजिश आलम खान ने अपने संबोधन में कहा कि जनता को अब सिर्फ और सिर्फ अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के लिए रोजगार चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करने के लिए आजाद समाज पार्टी को मज़बूत करना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पार्टी को प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनाकर रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन भीम आर्मी ने की। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये दल बहुजन समाज को लगातार कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी की घोषणा करते हुए कहा कि अब बहुजन समाज को अपनी ताकत खुद दिखानी होगी। उन्होंने सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा और मांग रखी कि चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
सम्मेलन के संचालन की जिम्मेदारी तौसीफ राही ने निभाई। कार्यकर्ताओं का उत्साह और हजारों की भीड़ देखकर अमीर आलम खान बेहद भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह और समर्थन ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर आजाद समाज पार्टी को मज़बूत बनाने की अपील की।
इस अवसर पर डीपी सिंह, हाजी इदरीश कुरैशी, अली मियां गाजी, मुन्ना खान, मोहम्मद राशिद, यूसुफ कसेरवा लल्ला पूर्व प्रधान कसेरवा, अल्लामेहर चन्देडी, जाहिद हुसैन, शाहनवाज खान, लाइक खान चन्देडी, आकिल महलजाना, बाबर सलमानी, शोएब प्रधान बुढ़ाना पट्टी सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ दरबार बैंकट हॉल में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाया। कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनता की भारी मौजूदगी से साफ है कि आजाद समाज पार्टी की पकड़ पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में और मजबूत हो रही है।
















