मुजफ्फरनगर मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, एई, जेई सहित संबंधित अधिकारियों के साथ नगर की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को नगर के समग्र विकास के लिए आवश्यक दिशा–निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि नगर की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक में मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “स्वच्छ भारत अभियान” और “विकसित भारत @2047” के संकल्प तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन और विकास के विजन को धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को वास्तविक रूप से सुगम और सुरक्षित जीवनयापन की सुविधा मिल सके।समीक्षा बैठक में उन्होंने सर्कुलर रोड स्थित श्रीराम चौक से फाटक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी नगर की जीवनरेखा होती हैं और सरकार का संकल्प है कि हर शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मंडी समिति के पास लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेरों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसका स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज की कुंजी है और यह प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की आत्मा है।नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर मंत्री कपिल देव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रमुख सड़कों और चौराहों पर हाईमास्ट और एलईडी लाइट्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त और भयमुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में पर्याप्त रोशनी बेहद अहम भूमिका निभाती है। हर गली और चौराहे पर उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था होने से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।इसके साथ ही मंत्री ने नगर के सौंदर्यकरण पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पार्कों का रख–रखाव सही ढंग से किया जाए, चौकों का सौंदर्यीकरण किया जाए और दीवारों पर प्रेरणादायी चित्रकला बनाई जाए, ताकि नगर की छवि निखरे और लोग सकारात्मक वातावरण का अनुभव कर सकें। उन्होंने साफ कहा कि नगर की तस्वीर बदलने के लिए योजनाओं को धरातल पर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लागू करना आवश्यक है।मंत्री कपिल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी दिशा में नगर स्तर पर विकास योजनाओं को पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ लागू करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस समीक्षा बैठक के माध्यम से मंत्री ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नगर विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखना चाहिए। जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले और नगर एक आदर्श स्वरूप में विकसित हो, यही सरकार की प्राथमिकता है।















