मुजफ्फरनगर में रुड़की रोड अस्पताल चौराहे पर माता अहिल्याबाई की भव्य मूर्ति स्थापना का शिलान्यास

मुजफ्फरनगर नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास और सांस्कृतिक धरोहरों को संजोने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार में मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने रुड़की रोड अस्पताल चौराहे पर पुण्यश्लोक माता अहिल्याबाई जी की भव्य मूर्ति एवं चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उनके साथ मीरापुर विधायक मिथलेश पाल और नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन-अर्चन कर विधिवत रूप से की गई, जिससे पूरे माहौल में एक दिव्य और सांस्कृतिक आभा का संचार हुआ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि माता ने सेवा, न्याय और समाज सुधार का जो अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, वह हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि चौक का सौंदर्यीकरण न केवल शहर की शोभा बढ़ाएगा बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी माता अहिल्याबाई के त्याग और बलिदान को स्मरण करती रहेंगी। उन्होंने इसे भाजपा सरकार के संकल्प – सांस्कृतिक विरासत का सम्मान और विकास की नई पहचान – का प्रतीक बताया।मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि माता अहिल्याबाई भारतीय संस्कृति की आदर्श महिला थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में धर्म, शिक्षा, सामाजिक सुधार और न्याय की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी समाज में प्रकाशपुंज की तरह मार्गदर्शन करती है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक नगर धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजते हुए विकास की ओर अग्रसर हो।इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी शामिल हुए। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र पाल, संजय गर्ग, देशबंधु तोमर, मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर, दिनेश धनगर, राजवीर पाल, नकली सिंह, सभासद अमित पाल, हनी पाल, योगेश मित्तल, राजीव शर्मा और मनोज वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त पाल-धनगर समाज के अनेक प्रमुख व्यक्ति तथा स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में इस अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रहे थे।पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार केवल भौतिक विकास पर ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। माता अहिल्याबाई की प्रतिमा की स्थापना और चौक के सौंदर्यीकरण से जहां शहर का गौरव बढ़ेगा, वहीं यह स्थान नागरिकों और आगंतुकों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। इस अवसर पर मौजूद नागरिकों ने भी सरकार की इस पहल का स्वागत किया और इसे नगर के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts