बिहार के सासाराम में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक बीजेपी सत्ता में रहेगी, तब तक संविधान और लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं रह सकते। खरगे ने कहा कि बिहार में वोटर लिस्ट से 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जिससे साफ है कि बीजेपी चुनावों में गड़बड़ी कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि संविधान ने सभी को वोट का अधिकार दिया है, लेकिन बीजेपी सत्ता के लिए लोकतंत्र और जनता के अधिकारों को कमजोर कर रही है।
आरएसएस पर भी साधा निशाना
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि आरएसएस 100 साल से देश की सेवा कर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सच्चाई यह है कि संघ आजादी की लड़ाई के खिलाफ था और उसका कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी जी की हत्या भी आरएसएस की विचारधारा से जुड़े लोगों ने की थी। खरगे ने यह भी कहा कि आजादी की लड़ाई के समय संघ के लोग अंग्रेजों को चिट्ठी लिखकर माफी और नौकरी मांगते थे।















