शाहपुर में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में बुधवार को कस्बे और आस-पास के देहात क्षेत्रों में भव्य ट्रैक्टर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली की शुरुआत सुबह के समय कस्बे के मंसूरपुर तिराहे से हुई। यहां सैकड़ों किसानों ने अपने-अपने ट्रैक्टरों को तिरंगे झंडों से सजाकर देशभक्ति का अद्भुत नज़ारा पेश किया। जगह-जगह ग्रामीण और कस्बाई लोग इस देशभक्ति से लबरेज़ काफिले का स्वागत करते नज़र आए। ट्रैक्टरों पर लहराते तिरंगे और किसानों के जोशीले नारे पूरे क्षेत्र में गूंजते रहे। किसानों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से वातावरण को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान किसानों के चेहरों पर गर्व और जोश साफ झलक रहा था। बीकेयू के स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा कि यह रैली केवल राष्ट्रीय पर्व की खुशी मनाने के लिए नहीं, बल्कि किसानों की एकजुटता और देश की सेवा के संकल्प को दोहराने का भी प्रतीक है। उनका कहना था कि किसान देश की रीढ़ हैं, और जब किसान संगठित होकर आगे आते हैं तो देश की ताकत कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की स्वतंत्रता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क और सक्रिय रहें। रैली में शामिल किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रास्ते में कई जगहों पर ग्रामीणों और दुकानदारों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। रैली के दौरान ग्रामीण इलाकों में भी देशभक्ति का माहौल छा गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने। इस आयोजन को सफल बनाने में भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र बालियान, प्रदेश सचिव सतेंद्र बालियान, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, नीटू त्यागी, मोनू, धनसिंह, ओंकार सिंह, राजेन्द्र कुमार, नरेंद्र कुमार, बबलू, सोनू और विकास समेत अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। यह रैली न केवल किसानों की एकता का प्रतीक बनी, बल्कि पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के जज़्बे को नई ऊंचाई देने में भी सफल रही।















