मुजफ्फरनगर के शारदेन विद्यालय में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व का भव्य आयोजन बड़े हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने रक्षाबंधन के पावन पर्व की खुशियों को समाज के साथ साझा करने के उद्देश्य से विशेष पहल की।
कार्यक्रम की शुरुआत एक दिन पहले एसएसपी कार्यालय से हुई, जहां छात्राएं पहुंचीं और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा को राखी बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके माध्यम से छात्राओं ने न सिर्फ भाई–बहन के रिश्ते की मिसाल पेश की बल्कि समाज के रक्षक को सम्मान देने की परंपरा को भी आगे बढ़ाया।रक्षाबंधन पर्व के दिन छात्राएं अपने अध्यापकों के साथ नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के घर भी पहुंचीं। उन्होंने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक के घर जाकर उनके पुत्रों पंकज मलिक और निशांत मलिक को राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र तथा सुख–समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर घर का माहौल पूरी तरह भावुक और उत्साहपूर्ण बन गया। छात्राओं की इस स्नेहभरी पहल को सभी ने सराहा और उन्हें खूब आशीर्वाद दिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में सेवा, सम्मान और जिम्मेदारी जैसे संस्कारों का विकास होता है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम के अगले चरण में रक्षाबंधन के साथ–साथ देशभक्ति की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से एक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली शारदेन विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख शिव चौक तक निकाली गई। रैली में विद्यालय के डायरेक्टर विश्वरत्न, प्रधानाचार्या धारा रतन, समस्त अध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं शामिल हुए। रैली के माध्यम से देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय चेतना का संदेश जनमानस तक पहुंचाया गया।अपने संबोधन में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि शारदेन विद्यालय न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है बल्कि यह विद्यार्थियों के नैतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास को भी समान रूप से महत्व देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है। शारदेन विद्यालय इस क्षेत्र का एकमात्र ऐसा शिक्षण संस्थान है जो अपने छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।इस रक्षाबंधन पर शारदेन विद्यालय द्वारा प्रस्तुत किया गया यह आयोजन न केवल एक त्योहार की परंपरा निभाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में भाईचारे, देशभक्ति और संस्कारों की भावना को भी मजबूत करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।















