बिहार में डुप्लीकेट EPIC नंबर का मामला: CPI(ML) सांसद की पत्नी का नाम भी शामिल, तेजस्वी यादव को नोटिस

बिहार में एक अगस्त को जारी की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के बाद से डुप्लीकेट EPIC नंबरों के कई मामले सामने आ रहे हैं। सबसे पहले मामला पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से जुड़ा सामने आया, जिनके नाम दो अलग-अलग EPIC नंबर दर्ज पाए गए। अब इसी कड़ी में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरा से CPI (ML) के सांसद सुदामा प्रसाद की पत्नी के नाम पर भी दो अलग-अलग EPIC नंबर दर्ज मिले हैं। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब सुदामा प्रसाद की पार्टी CPI(ML) विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (Special Intensive Revision – SIR) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर चुकी है।

चुनाव आयोग की ओर से जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अनियमितताओं का सिलसिला यहीं नहीं थमता। तेजस्वी यादव के जिन दो EPIC नंबरों की बात सामने आई है, उनमें से एक नंबर RAB0456228 को सही माना गया है, जबकि दूसरा EPIC नंबर RAB2916120 आयोग के रिकॉर्ड में नहीं पाया गया। इस पर चुनाव आयोग ने तेजस्वी को नोटिस भेजते हुए दोनों EPIC कार्ड की मूल प्रतियां मांगी हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह भी सामने आया है कि आयोग द्वारा शुरू किए गए SIR अभियान के पहले चरण में अब तक 65 लाख नामों को सूची से हटाया गया है। यह प्रक्रिया राज्य भर में व्यापक स्तर पर चलाई जा रही है, ताकि डुप्लीकेट नामों, मृत व्यक्तियों के नाम और गलत प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

हालांकि आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक अगस्त को जारी की गई यह सूची अंतिम नहीं है। राजनीतिक दलों और आम मतदाताओं को एक सितंबर तक का समय दिया गया है, जिसके भीतर वे अपने नाम जोड़ने, हटाने या सुधार की मांग कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।

बिहार में इस समय मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर बहस तेज हो गई है। एक ओर जहां विपक्षी नेता स्वयं इस प्रक्रिया में अनियमितता के शिकार पाए जा रहे हैं, वहीं वे खुद इस अभियान को राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से चल रही है ताकि आगामी चुनावों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts