मुजफ्फरनगर पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने किया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आमजन अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन्हें पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने न केवल शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि उनके शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश भी दिए।जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य जनता को न्याय दिलाना और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना रहा। शिकायतकर्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों में भूमि विवाद, साइबर क्राइम, घरेलू हिंसा, चोरी, धोखाधड़ी, वसूली, छेड़छाड़, व महिला उत्पीड़न जैसे मामलों की प्रमुखता रही। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमानुसार कार्रवाई करें और शिकायतकर्ता को समयबद्ध समाधान प्रदान करें।महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की गई। ऐसे मामलों में ‘क्विक रिस्पॉंस टीम (महिला विंग)’ को मौके पर भेजकर आवश्यक जांच एवं सहायता सुनिश्चित की गई। पुलिस प्रशासन की यह तत्परता महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।जनसुनवाई के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की समस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें तथा हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच संवाद व विश्वास बढ़ाना ही इस प्रकार की जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य है। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास जनहित में सराहनीय कदम है, जिससे न केवल शिकायतकर्ताओं को राहत मिलती है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।















