मुजफ्फरनगर में मुस्लिम समाज सुधार के लिए होगा “कौमी एकता सम्मेलन”

मुजफ्फरनगर  में मुस्लिम समाज में फैल रही सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाया गया है। ऑल इंडिया मोमिन अंसारी समाज की ओर से अगस्त माह में एक भव्य “कौमी एकता सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य मुस्लिम समाज में जागरूकता फैलाना और सामाजिक सुधार को नई दिशा देना है।इस सम्मेलन को लेकर हाल ही में मोमिन अंसारी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इरफान अंसारी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुस्लिम समाज में बढ़ती समस्याओं जैसे शादियों में फिजूलखर्ची, दहेज प्रथा, नशे की लत, सोशल मीडिया का दुरुपयोग और युवाओं में जिम्मेदारी की कमी जैसे मुद्दों पर गंभीर चिंतन किया गया। संगठन ने यह निर्णय लिया कि अब समय आ गया है जब समाज को इन बुराइयों से मुक्त करने के लिए एकजुट होकर कदम उठाया जाए।सम्मेलन में सभी बिरादरियों और धर्मों के गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि सामाजिक सुधार केवल एक वर्ग तक सीमित न रहकर व्यापक स्तर पर असर डाले। विशेष जोर इस बात पर रहेगा कि मुस्लिम युवाओं और लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाया जाए। बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि मुजफ्फरनगर के कस्बों में लड़कियों के लिए स्कूल खोले जाएं, ताकि वे भी शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि मुस्लिम युवा देर रात तक चाय की दुकानों पर समय बर्बाद कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। यह तय किया गया कि सम्मेलन में इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इरफान अंसारी के साथ-साथ राष्ट्रीय महासचिव ताहिर हुसैन अंसारी, हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद रिजवान अंसारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज सुधार की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया और इसे एक जनआंदोलन का रूप देने की योजना बनाई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts