सिरोही।
जिले में बढ़ते लिवर रोगों को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सिरोही ने “स्वस्थ लिवर – स्वस्थ जीवन” थीम पर एक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. दिनेश खराड़ी के अनुसार, आधुनिक जीवनशैली, नशे की लत और असंतुलित आहार लिवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके चलते हेपेटाइटिस, फैटी लिवर, सिरोसिस और लिवर फेल्योर जैसे गंभीर रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।
डॉ. खराड़ी ने कहा, “लिवर शरीर का मूक प्रहरी है। यह बिना आवाज किए हमारे शरीर को संतुलन में रखता है, लेकिन जब जीवनशैली बिगड़ती है, तो सबसे पहले लिवर ही प्रभावित होता है। यदि हम अभी जागरूक नहीं हुए, तो यह आने वाले समय में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट बन सकता है।”
फैटी लिवर अब केवल शराब से नहीं, मोटापा और डायबिटीज़ भी बन रहे कारण
आज के समय में फैटी लिवर की समस्या सिर्फ शराब पीने वालों तक सीमित नहीं रह गई है। जंक फूड, हाई फैट डाइट, मोटापा और डायबिटीज़ भी इसके मुख्य कारक बनते जा रहे हैं।
हेपेटाइटिस के प्रकार और फैलने के प्रमुख कारण
-
हेपेटाइटिस A – दूषित भोजन, पानी और मल के संपर्क से
-
हेपेटाइटिस B – संक्रमित रक्त व यौन संबंध
-
हेपेटाइटिस C – संक्रमित रक्त व यौन संबंध
-
हेपेटाइटिस D – संक्रमित रक्त
-
हेपेटाइटिस E – दूषित भोजन, पानी और वस्तुओं से
सिरोही में बनाई गई व्यापक रणनीति
जिले में लिवर स्वास्थ्य के लिए निम्न गतिविधियाँ की जा रही हैं:
-
जिला अस्पताल से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र तक स्वास्थ्य संवाद
-
हेल्दी लिवर कैंपेन
-
हेपेटाइटिस जाँच एवं टीकाकरण अभियान
-
नशामुक्ति पर कार्यशालाएँ
-
लिवर जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रदर्शनी
-
HIV संक्रमित मरीजों की शत-प्रतिशत हेपेटाइटिस जांच
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज: हो सकते हैं लिवर रोग के संकेत
-
लगातार थकान या उल्टी आना
-
भूख में कमी
-
त्वचा और आंखों का पीला पड़ना
-
पेट में सूजन या दर्द
-
गहरा रंग का मूत्र
-
शरीर में पानी भरना (Ascites)
स्वस्थ लिवर के लिए अपनाएं ये मंत्र
“समाज तभी स्वस्थ होगा जब नागरिक नशे से मुक्त और पोषणयुक्त जीवनशैली अपनाएं। लिवर को बचाना मतलब पूरा जीवन बचाना।”
— डॉ. एस.पी शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ, सिरोही
-
शराब, तंबाकू और ड्रग्स से पूर्ण परहेज़ करें
-
संतुलित आहार लें – हरी सब्जियाँ, ताजे फल, प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन
-
नियमित व्यायाम करें – मोटापा लिवर का सबसे बड़ा दुश्मन
-
हेपेटाइटिस बी का टीका अवश्य लगवाएं
-
बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयाँ न लें
-
उबला हुआ और स्वच्छ पानी पिएं
-
समय-समय पर लिवर फंक्शन टेस्ट कराएं















