बांदा। जिले में बकरी चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत मटौंध थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने सात बकरी चोरों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 3 और 4 जुलाई 2025 की रात को की गई।
संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर बकरी चोर थाना मटौंध क्षेत्र के आलमखोर के पास चोरी की बकरियों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में तीन आरोपियों—इकरास उर्फ इकरार उर्फ लल्ले खां, मलश खां और वहीद उर्फ लाला उर्फ जावेद—के पैर में गोली लगी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक हुंडई कार से योजनाबद्ध तरीके से रात में बकरियों की चोरी करते थे। 12 और 13 जुलाई की रात इन्होंने ग्राम अछरौंड से 13 बकरियां चोरी की थीं, जबकि अन्य 13 बकरियां जनपद हमीरपुर से चोरी की गई थीं। पुलिस ने सभी 26 चोरी की गई बकरियों को बरामद कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त असलहे और वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—इकरास उर्फ इकरार उर्फ लल्ले खां पुत्र करीब खां, मलश खां पुत्र फजल खां, लाला उर्फ जावेद पुत्र सुलेमान खां (तीनों मुठभेड़ में घायल), तोहीद खां पुत्र सुलेमान खां, सिकारस खां पुत्र इकारस खां, अन्ताश खां पुत्र फजल खां, और आकम खां उर्फ छोटू पुत्र फजल खां। सभी आरोपी महोबा जनपद के काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं।























































