बलरामपुर जिले में बड़े पैमाने पर मतांतरण रैकेट चलाने वाले मास्टरमाइंड छांगुर उर्फ जलालुद्दीन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की 20 अलग-अलग टीमों ने छांगुर और उसके सहयोगियों—नीतू उर्फ नसरीन और नवीन उर्फ जमालुद्दीन—के 14 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। यह कार्रवाई बलरामपुर के मधपुर और उतरौला नगर से शुरू होकर मुंबई तक फैली हुई थी। ईडी को छांगुर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग समेत अन्य गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई। जांच एजेंसी को इस दौरान कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत हाथ लगे हैं, जिनसे मतांतरण के पीछे की पूरी फंडिंग और नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।























































