अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित प्राचीन जानी राय राघव मंदिर के आगे बने रैंप को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। रत्नेश मीणा नामक व्यक्ति ने दावा किया कि यह भूमि माढा छात्रावास की है, जिसे न्यायालय के आदेश पर कब्जे में लिया गया है। छात्रावास की वार्डन लाली देवी ने भी पुष्टि की कि यह विवादित जमीन बीते 20 वर्षों से कोर्ट में लंबित थी और अब आदेश मिलने पर कार्रवाई की गई है। जैसे ही तोड़फोड़ की जानकारी ग्रामीणों को मिली, वे बड़ी संख्या में मंदिर के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर के साथ की गई तोड़फोड़ असंवेदनशील और निंदनीय है, और वे संबंधित पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मोहित पंचोली और थानागाजी पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मौका नक्शा बनवाया।















