मुज़फ्फरनगर।कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में एसडीएम बुढ़ाना मोनालिसा जोहरी ने कांवड़ रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस व राजस्व कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात रहने, कांवड़ यात्रियों के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने, उनकी हरसंभव सहायता करने और डायवर्जन प्लान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने, कांवड़ मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग करने और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
एसडीएम मोनालिसा जोहरी ने यह भी कहा कि यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ती है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए और उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए।
इसके अतिरिक्त एसडीएम बुढ़ाना ने कस्बा शाहपुर पुलिस चौकी पर शिवभक्त श्रद्धालुओं से संवाद किया और उन्हें बताया कि किसी भी असुविधा की स्थिति में वे डॉयल-112 या कंट्रोल रूम पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुज़फ्फरनगर पुलिस/प्रशासन तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।















