मेरठ एसटीएफ की मुठभेड़ में कुख्यात शूटर शाहरुख पठान ढेर,

मुजफ्फरनगर। पश्चिम उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर नेटवर्क की रीढ़ माने जाने वाले शूटर शाहरुख पठान को मेरठ एसटीएफ ने सोमवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र स्थित बिजोपुरा तिराहे और रोहाना मार्ग के बीच हुई। शाहरुख का नाम कुख्यात गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा और मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा हुआ था। वह लंबे समय से सुपारी लेकर हत्या, रंगदारी और गैंगवार जैसी वारदातों में सक्रिय था।एसटीएफ को खुफिया जानकारी मिली थी कि शाहरुख किसी बड़ी आपराधिक वारदात की फिराक में है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने छपार क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही शाहरुख ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और करीब 10 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोलियों से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मौके से एसटीएफ को एक कार, तीन पिस्टल, एक 9 एमएम की देसी पिस्टल और 60 से अधिक कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, शाहरुख का नेटवर्क बेहद विस्तृत था और वह कई जिलों में सक्रिय था। अब उसके मोबाइल और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, ताकि उसके संपर्कों और गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचा जा सके।एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से सूचना आधारित और योजनाबद्ध बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि यह संदेश है कि अपराधी अब बच नहीं पाएंगे।घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है कि इलाके में दहशत फैलाने वाला एक खूंखार अपराधी अब खत्म हो गया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts