मुख्य सचिव और डीजीपी की मेरठ में कांवड़ यात्रा को लेकर समीक्षा बैठक, सहारनपुर परिक्षेत्र की तैयारियों की जानकारी दी गई

सहारनपुर।।आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा 2025 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की अध्यक्षता में मेरठ में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मेरठ आगमन पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया, इसके साथ ही पुलिस लाइन मेरठ में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

आयुक्त सभागार में हुई इस बैठक में सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह सहित मेरठ जोन, मेरठ परिक्षेत्र और अन्य क्षेत्रों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह ने सहारनपुर परिक्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति, संभावित घटनाओं की रोकथाम, पूर्व में हुई घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय, रूट डायवर्जन और पुलिस की तैनाती को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी साझा की।

डीआईजी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने, अफवाहों और नकारात्मक नैरेटिव फैलाने वाले खातों के खिलाफ सख्त व समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा की गई, ताकि अंतरराज्यीय यात्रा में कोई व्यवधान न हो।

बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि कांवड़ यात्रा 2025 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। इसके लिए एक व्यापक रणनीति तैयार की गई है, जिसमें सभी संबंधित विभागों और राज्यों के बीच तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts