मुज़फ्फरनगर में कानून व्यवस्था को बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिविल लाइन और कोतवाली नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च अस्पताल तिराहा, मदीना चौक, बझेड़ी पुल समेत अन्य प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों से होकर गुज़रा। फ्लैग मार्च में पुलिस बल के साथ पीएसी बल भी शामिल रहा। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का अहसास दिलाया गया और अधिकारियों ने कानून व्यवस्था की स्थिति का स्वयं निरीक्षण किया।अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने, गश्त तेज करने और ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों तथा भवनों की निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता एवं इंटेलिजेंस यूनिट को सतर्क रखने के निर्देश दिए गए।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।इसी क्रम में कांवड़ यात्रा को लेकर किए जा रहे इंतज़ामों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर लगाए गए चेतावनी व सांकेतिक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरों की संख्या, स्थिति व दिशा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, शिविरों के स्थान, सड़क की स्थिति, एम्बुलेंस की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियों को तय समय में पूर्ण कर लिया जाए ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराई जा सके।















