सहारनपुर। कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद ने कहा कि देश में कांग्रेस ही भाजपा का वास्तविक विकल्प है और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी शोषित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान को कमजोर कर 90 प्रतिशत जनता को हाशिए पर डालने की साजिश कर रही है, जबकि कांग्रेस सर्वसमाज के अधिकारों और न्याय की लड़ाई लड़ रही है।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में काजी इमरान मसूद ने नवगठित जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र, पार्टी ध्वज और नेम प्लेट सौंपते हुए सभी से ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठनात्मक दायित्व निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि प्रदीप कंसल, अब्दुल्ला आरिफ, सपना सोम और ओम प्रकाश शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की। प्रदीप कंसल ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-समय पर पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा होगी। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को पदमुक्त कर नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र, पार्टी ध्वज और नेम प्लेट प्रदान की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, राहत खलील, सत्यम सैनी, जावेद साबरी, नरेंद्र शर्मा, रागिब अंजुम, काजी शौकत हुसैन, डॉ. देवेंद्र कौशिक, संदीप वर्मा, सुदेश प्रधान, गुलबहार अहमद सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।















