राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के खरखड़ी चावंड सिंह गांव में एक 22 वर्षीय विवाहिता मुस्कान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ससुराल से महज बीस फीट दूर स्थित एक कुएं में मिला। मुस्कान की शादी तीन माह पूर्व तनुज नामक युवक से हुई थी। मृतका के पिता अशोक कुमार, निवासी इस्माइलपुर किशनगढ़बास, ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि शादी में करीब दस लाख रुपये खर्च किए गए थे, फिर भी मुस्कान से एक और बाइक, पांच लाख रुपये नकद और सोने की अंगूठी की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति तनुज, देवर अंकुश, सास गुड्डी, मौसी सास धोली और काका ससुर नरेंद्र ने पहले मुस्कान के साथ मारपीट की, फिर उसे कुएं में फेंक दिया।
परिजनों के अनुसार, आरोपित मुस्कान को मित्तल अस्पताल में मृत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किए जाने पर उसे मृत घोषित किया गया। पीड़ित पिता ने बताया कि मुस्कान के दोनों हाथ–पैर टूटे थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। पीहर पक्ष ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।















