राजस्थान में डोडा पोस्त तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में संगठित अपराध और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में स्टेट क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने नागौर पुलिस द्वारा वांछित और ₹10,000 के इनामी बदमाश को भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया है।

भीलवाड़ा में पकड़ा गया यह कुख्यात तस्कर नारायण लाल जाट, नागौर जिले के डोडा पोस्त तस्करी के दो बड़े मामलों में फरार चल रहा था। एडीजीपी दिनेश एमएन के निर्देशन में और डीआईजी योगेश यादव की निगरानी में, एएसपी सिद्धांत शर्मा के समन्वय से इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उसे दबोचा गया।

सूचना मिलने पर AGTF टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए सदर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर नारायण लाल जाट (33), निवासी बन का खेड़ा, थाना बडलियास, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे नागौर पुलिस को सौंपा गया है।

नारायण लाल पर नागौर पुलिस द्वारा दर्ज दो बड़े मामलों में संलिप्तता पाई गई है।
5 जुलाई 2024 को गोगेलाव क्षेत्र में पुलिस ने 1.6 टन (1655.200 किलोग्राम) डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ा था, जिसमें पकड़े गए ट्रक चालक ने नारायण का नाम उजागर किया था।
9 नवंबर 2024 को खाटू बड़ी थाना पुलिस ने डारोली चौराहा से 367.470 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया था। पकड़े गए अभियुक्तों लालाराम और श्यामलाल ने बताया कि यह माल नारायण लाल से खरीदा गया था।

इस कामयाबी पर एडीजीपी दिनेश एमएन ने इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत सहित कांस्टेबल गोपाल धाबाई, विजय सिंह, एसआई प्रताप सिंह, एएसआई बनवारी लाल शर्मा, हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, महावीर सिंह शेखावत, हेमंत शर्मा, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, गंगाराम और चालक दिनेश शर्मा की सराहना की।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी झारखंड से भारी मात्रा में डोडा पोस्त तस्करी कर नागौर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संलिप्त अपराधों की गहनता से जांच कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts