नरैनी (बांदा)। कस्बे के देविन रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच जबरन अवैध कार्य करवाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि किन्नर शर्मीली को समाज के कुछ लोग अनैतिक कार्य करने का दबाव बना रहे थे। इंकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ कर कीमती गहने और अन्य सामान उठा ले गए।
पीड़ित किन्नर शर्मीली ने बताया कि किन्नर गुरु बन्नो और कैटरीना समेत अन्य लोग पिछले एक वर्ष से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। वह पहले भी कई बार कोतवाली और उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र देकर अवगत करा चुकी है। शर्मीली का आरोप है कि बीते दिनों बन्नो अपने साथ दर्जनों किन्नरों को लेकर उसके घर पहुंची और वहां रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर गहने और नकदी उठा ले गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां उपनिरीक्षक इंदल यादव की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए समझौता कराते हुए घर से लिया गया सामान वापस कराया। कोतवाली परिसर में दिनभर किन्नरों की भीड़ लगी रही और दोनों पक्ष एक–दूसरे पर आरोप लगाते रहे। अंततः पुलिस की मध्यस्थता से मामला शांत कराया गया।















