सहारनपुर। शहर में नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के सेंट्रल पार्क लोहड़ी इलाके में करीब डेढ़ माह पहले सड़क और नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन भाजपा नगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, महापौर और विधायक राजीव गुंबर द्वारा फीता काटकर किया गया था। हालांकि उद्घाटन के बाद निर्माण कार्य की रफ्तार न के बराबर रही और अब पूरा काम अधूरा छोड़ दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उद्घाटन के 15-20 दिन बाद ही निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही दिन बाद ठेकेदार शहजाद अधूरी नाली बनाकर और पहले से बनी नाली व रैंप तोड़कर गायब हो गया। कॉलोनीवासी पिछले 20 दिनों से नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता है कि “कल से काम शुरू होगा।” न ठेकेदार फोन उठा रहा है, न कोई जिम्मेदार अधिकारी जवाबदेही ले रहा है।
कॉलोनी अध्यक्ष सुभाष त्यागी ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कॉलोनी की महिलाएं और निवासी नगर निगम कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने निगम प्रशासन पर ठेकेदार के साथ मिलीभगत और लापरवाही का आरोप भी लगाया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अधूरे निर्माण के कारण सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिससे न केवल आने-जाने में दिक्कत हो रही है, बल्कि बरसात में जलभराव और हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल कार्य शुरू कराने और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।















