मुजफ्फरनगर के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा में “राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत” के सौजन्य से ‘नमामि गंगे’ थीम पर गंगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य पुस्तक मेला, पोस्टर प्रतियोगिता और गंगा के इतिहास पर आधारित कहानी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्रिएटिव राइटर सिमरन कालसी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मनी भूषण, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार, रजनीश कुमार, अमरीश कुमार और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।पोस्टर प्रतियोगिता में अनाया, आकाश, शिवांश, आदित्य, सोनाक्षी, वैष्णवी और अर्शी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए। इन विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। सिमरन कालसी ने अपने संबोधन में गंगा नदी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह नदी न केवल धार्मिक दृष्टि से पूजनीय है, बल्कि भारत की उर्वर भूमि और सभ्यता के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक मेला ‘गंगा पुस्तक परिक्रमा‘ का हिस्सा है, जिसमें बाल गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है।मनी भूषण ने जानकारी दी कि यह मोबाइल वैन पुस्तक मेला गंगा किनारे बसे विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पुस्तक प्रदर्शन और गंगा आधारित गतिविधियाँ आयोजित कर रहा है। डॉ. राजीव कुमार ने जल संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि गंगा नदी के साथ–साथ पानी का संरक्षण भी भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। रजनीश कुमार ने जल प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि जल का दुरुपयोग और प्रदूषण दोनों से बचना होगा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गंगा से संबंधित कहानी प्रतियोगिता और पोस्टर निर्माण में बढ़–चढ़ कर भाग लिया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस आयोजन में कुलदीप कुमार, रामकिशन, संजय, राजकुमार, अजीत सिंह, सतकुमार, सचिन कश्यप सहित अनेक शिक्षक व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।















