जयपुर में एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 424 किलो गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार.

राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जयपुर में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी सफलता दिलाई है। टीम ने चाकसू थाना क्षेत्र में एक ट्रक से 424 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। इससे पहले शिवदासपुरा टोल पर नाकाबंदी के दौरान स्कॉर्पियो वाहन में सवार गैंग के सरगना सहित तीन लोगों को पकड़ा गया था। पकड़े गए आरोपियों में जयपुर निवासी सुमेर मीणा, नानगराम बलाई, नरेंद्र सिंह, दीपक गुर्जर और हरियाणा निवासी हिमांशू माटा शामिल हैं। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

एडीजी दिनेश एम एन के निर्देशन में एजीटीएफ की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। उपमहानिरीक्षक योगेश यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में गठित टीम को छत्तीसगढ़ और बिहार से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जांच में सामने आया कि ट्रक में दवाइयों के बॉक्स की आड़ में गांजा छुपाकर लाया जा रहा था। स्कॉर्पियो और ट्रक दोनों को जीपीएस के जरिए जोड़ा गया था।

तस्करी का मास्टरमाइंड सुमेर मीणा बताया गया, जो पहले भी दो बार तस्करी कर चुका है। तीसरी बार वह एस्कॉर्ट करते पकड़ा गया। ऑपरेशन में एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल कमल सिंह व शशिकांत सहित 17 सदस्यीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ एजीटीएफ के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts