मुजफ्फरनगर। ADG मेरठ जोन और DIG सहारनपुर के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर और थाना प्रभारी छपार के नेतृत्व में छपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
थाना छपार क्षेत्र के टोर्ची होटल पर एक बस से कैमरा, लेंस और लैपटॉप से भरा बैग चोरी कर लिया गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना छपार में मुकदमा संख्या 148/2025 धारा 305(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने 10 जून की रात छपार-रोहाना मार्ग पर बिजोपुरा रजवाहा पटरी के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। संदेह होने पर जब बाइक सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा किया। घबराहट में बाइक गिर गई और दोनों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस ने जब घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिस बाल-बाल बची। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके दूसरे साथी को भी घेराबंदी कर रात 11:30 बजे दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, कैमरा, लेंस और अन्य उपकरणों के साथ-साथ एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। घायल आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















