अलवर जिले के भिवाड़ी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा मोहनराम काली खोली धाम में उस समय हड़कंप मच गया जब श्रद्धालुओं ने मंदिर के पास सीढ़ियों के पास बने एक जोहड़ के नजदीक एक पेड़ पर अज्ञात युवक का शव लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।मामले की जानकारी मिलते ही भिवाड़ी थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एसआई पुनीत शर्मा और हैड कांस्टेबल हवा सिंह ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और भिवाड़ी के जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया।
शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है। हालांकि, प्रथम दृष्टया पुलिस को यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।धार्मिक स्थल के नजदीक ऐसी घटना होने से श्रद्धालु सहमे हुए हैं। कुछ श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने युवक को मंदिर परिसर में पहले कभी नहीं देखा था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक बाहरी हो सकता है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान कर रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके।भिवाड़ी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।















