मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना मोड़ स्थित काशीराम आवास योजना में अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी, शिवसेना के मंडल अध्यक्ष शरद कपूर, महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान व अन्य पदाधिकारी नगर मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक वृद्ध और दिव्यांग महिला राजेश पत्नी जगजीवन के मकान पर डूडा विभाग के कर्मचारी गौरव चंदेल की मिलीभगत से एक अन्य महिला द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। आरोप है कि जब पीड़िता आंखों के ऑपरेशन के लिए अपनी बेटी के पास गई हुई थी, तभी उसका मकान ताला तोड़कर कब्जा लिया गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि आवास विकास के कुछ छुटभैया नेता और सरकारी कर्मचारी मिलकर गरीबों के मकानों पर अवैध कब्जे करवा रहे हैं।प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया कि कॉलोनी में कई ऐसे लोग भी फ्लैट कब्जा कर बैठे हैं जो खुद वहां रहते नहीं हैं, बल्कि बाहर अपने निजी मकानों में रह रहे हैं। ऐसे मकानों को चिन्हित कर खाली कराया जाए और जरूरतमंदों को आवंटित किया जाए। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो क्रांति सेना और शिवसेना की महिला इकाई प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर अनोखी दुबे, जयवती, बबली, सुमन, प्रीति सहित कई महिलाएं भी मौजूद रहीं।















