मुजफ्फरनगर जनपद के तहसील बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम मिन्दकली में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में “तहसील आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही उपलब्ध कराना था, जिससे उन्हें तहसील या जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त एवं राजस्व के अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने की। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक सेवाएं अब सीधे गांव तक पहुंचेंगी और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बुढ़ाना के उप जिलाधिकारी राजकुमार भारती ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवाओं की सुलभता ही शासन की प्राथमिकता है। तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र यादव ने राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई करते हुए ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और अपील की कि वे इस प्रकार के शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें।कार्यक्रम में स्वास्थ्य, आपूर्ति, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, वन, पुलिस, बाल विकास, समाज कल्याण सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तो उन्हें अपनी समस्याओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम में ग्रामीणों की भागीदारी उत्साहजनक रही और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।















