जयपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान द्वारा एसीबी मुख्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिदेशक एसीबी डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने की। इस अवसर पर एसीबी के सभी अधिकारी व कर्मचारीगण ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया। लगाए गए प्रमुख पौधों में करंज, बिसमार्किया, गुलमोहर, नीम, जामुन एवं आम शामिल रहे।
महानिदेशक ने इस अवसर पर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी आगामी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक गंभीर प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि आमजन में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने मुख्यालय परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे भी लगाए, जिससे प्रकृति से जुड़ाव और संवेदनशीलता को और बल मिल सके।
कार्यक्रम में एसीबी के उपमहानिरीक्षक प्रथम कालूराम रावत, उपमहानिरीक्षक द्वितीय राहुल कोटोकी, पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ-साथ सभी कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया ताकि ये पौधे भविष्य में सशक्त वृक्ष बन सकें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। कार्यक्रम ने न सिर्फ हरियाली को बढ़ावा दिया, बल्कि पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया।















