बहरोड़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार शाम को बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम ऑफिस के रीडर ललित यादव को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ACB जयपुर टीम ने मुख्यालय के एडिशनल एसपी महावीर शर्मा के नेतृत्व में की। शिकायतकर्ता ने बताया कि ललित यादव एसडीएम रामकिशोर मीना के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत ईंट-भट्टे के लैंड कन्वर्जन से संबंधित थी। शिकायत की पुष्टि होने पर ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, उसे गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में एसडीएम रामकिशोर मीना सहायक कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। ACB मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि रिश्वतखोरी के अन्य कनेक्शन भी सामने आ सकें। इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश गया है और जनता में इस पर उम्मीद जगी है।















