जयपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के निर्देशानुसार लिए गए नमूनों की जांच में कई खाद्य उत्पाद अनसेफ पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि सिंह शेखावत के अनुसार, विभिन्न फर्मों के खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया गया है। रस्तोगी सेल्स प्राइवेट लिमिटेड का एमडीएच गरम मसाला, श्याम धणी इंडस्ट्रीज का श्याम धणी गरम मसाला, लक्ष्मी स्वीट्स केटर्स की नमकीन, पेट पूजा होटल की ग्रेवी, अमरलाल स्वीट्स केटर्स के लड्डू, लक्ष्मी जोधपुर मिष्ठान भंडार, स्वेज फार्म के लड्डू, मोहम्मदी पैलेस की ग्रेवी, चिकन चंगेजी और काली मिर्च सहित अन्य उत्पादों में असुरक्षित तत्व पाए गए हैं। इन प्रकरणों के खिलाफ मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट जयपुर प्रथम एवं द्वितीय न्यायालयों में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। विभाग की सख्ती के कारण खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें।















