औरैया के जेसीज चौराहे के पास से सैनिकों के सम्मान में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में देशभक्त शामिल हुए, जो हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा।
यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध काली माता मंदिर से हुई। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन और सैनिकों को सम्मान देने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई थी। देशवासियों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया और सैनिकों के साहस व बलिदान को सलाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता एवं एमएलसी अनूप गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत मां-बहनों के सिंदूर की रक्षा के लिए जो कदम उठाए हैं, वह सराहनीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब वह शक्ति बन चुका है जो अब कभी झुकेगा नहीं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना ने पाकिस्तान में घुसकर बीस ठिकानों को नष्ट किया, जिससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हो गया।
राज्यसभा सचेतक गीता शाक्य ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पूरे देश की जनता एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ी हुई। प्रधानमंत्री द्वारा लिया गया निर्णय और पाकिस्तान में की गई कार्रवाई, देश के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने यह भी कहा कि पाकिस्तान द्वारा बार-बार न्यूक्लियर पावर की धमकी दी जाती है, लेकिन भारतीय सेना कभी भी उसे मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
इस भव्य तिरंगा यात्रा में पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिला प्रभारी आनंद सिंह, विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे, पूर्व ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष भवन प्रकाश गुप्ता, राम मिश्रा, श्रीकांत पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, दिबियापुर के पूर्व विधायक लखन सिंह राजपूत, यशवीर सिकरवार, पूर्व सैनिक अविनाश अग्निहोत्री, विजय तोमर, ओंकार सिंह, बी.डी. यादव, अनिल गुप्ता, हरनाथ सिंह, गोविंद सिंह, रविंद्र सिंह चौहान, हाफिज अब्दुल सत्तार, महिला जिला अध्यक्ष मंजू चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रकांति मिश्रा सहित दो दर्जन एनसीसी कैडेट्स, कई स्कूलों के बच्चे, एएचफ फोर्स के जवान और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।















