मुज़फ्फरनगर जनपद के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। यह हादसा मेरठ-करनाल हाईवे पर इटावा गांव के समीप हुआ, जब शामली की ओर से मेरठ जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रैलिंग में जा घुसी। कार में सवार महिला हेड कांस्टेबल, जो शामली स्थित एसपी ऑफिस में तैनात थीं, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय सांसद हरेन्द्र मलिक ने तत्काल पहल करते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया और चिकित्सा सुविधाओं का प्रबंध सुनिश्चित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।















