सिरोही जिले के माउंट आबू में एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। तलहटी से पर्वत की ओर चढ़ते समय एक पिकअप वाहन अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस वाहन में लगभग 20 से 25 लोग सवार थे, जो माउंट आबू की ओर जा रहे थे। हादसे के समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद अग्रवाल कलेक्टर बैठक में शामिल होने के लिए उसी मार्ग से गुजर रहे थे। घटना को देखते ही दोनों अधिकारियों ने तुरंत मौके पर रुककर स्थिति का जायज़ा लिया और एम्बुलेंस व प्रशासन को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाते हुए नज़दीकी उपजिला अस्पताल, आबूरोड भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चढ़ाई के दौरान ब्रेक फेल होने से वाहन पीछे की ओर लुढ़कता हुआ पलट गया, लेकिन गनीमत रही कि पिकअप गहरी खाई की ओर नहीं गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।















