श्रीनगर के दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद और पाकिस्तान की परमाणु धमकियों को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत किसी भी धमकी से डरता नहीं है और जवाब देने में सक्षम है। राजनाथ सिंह ने पहलगाम में हुई आतंकी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने निर्दोष भारतीयों की हत्या सिर्फ उनके धर्म के आधार पर की थी।
उन्होंने कहा, “आतंकियों ने हमारे नागरिकों को उनका धर्म पूछकर मारा, लेकिन हमने आतंकियों को उनके कर्म देखकर मारा है। भारत धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि कर्म के आधार पर न्याय करता है।”
रक्षा मंत्री ने यह भी दोहराया कि भारत शांति चाहता है, लेकिन अगर कोई आंख उठाएगा तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने सेना की सराहना करते हुए कहा कि हमारे जवान हर मोर्चे पर डटकर मुकाबला कर रहे हैं और देश की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।राजनाथ सिंह का यह बयान न केवल देशवासियों में आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है, बल्कि आतंकियों और उनके समर्थकों को भी स्पष्ट चेतावनी है।















