बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा ने बिसण्डा के मातृ शिशु कल्याण उपकेन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने मातृ शिशु कल्याण उपकेन्द्र का निरीक्षण करते हुए गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच और बच्चों के टीकाकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं का आरसीएच कार्ड बनवाने और एचआईवी टेस्टिंग किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिसण्डा का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने इमरजेन्सी वार्ड, जेएसवाई कक्ष, प्रशव कक्ष आदि का जायजा लिया और स्टाफ को निर्देश दिए कि किसी भी महिला को डिलीवरी के 48 घंटे बाद ही छुट्टी दी जाए। उन्होंने कार्यों में लापरवाही पर स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा और वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद, नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण करते हुए गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल की व्यवस्था और सफाई कार्यों को तेज गति से करने की बात कही। उन्होंने कूड़े के उचित निस्तारण के लिए एमआरएफ सेन्टर को शीघ्र संचालित करने का आदेश दिया।















