मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर पिछले 40 वर्षों से फूल-माला बेचकर गुजारा कर रहे अफजाल और उनके बेटे समीर को अब धर्म के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। कुछ लोग उनके मुस्लिम होने का हवाला देते हुए उन्हें वहां से हटाने की धमकी दे रहे हैं। समीर ने बताया कि उनके दादा से शुरू हुआ यह कार्य अब तीसरी पीढ़ी तक पहुंच चुका है, और यहीं से उनका परिवार आजीविका चलाता है। इस उत्पीड़न के खिलाफ राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि अतिक्रमण के नाम पर इन्हें हटाया गया, तो वह शिव चौक पर धरना देंगे और पूरे बाजार के अतिक्रमण को हटवाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म पूछकर किसी की आजीविका पर हमला करना एक तरह से आतंक फैलाना है। चौधरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित की जगह उसे ही चौकी ले जाना निंदनीय है। इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित को सुरक्षा और न्याय देने की मांग की है।















