मुजफ्फरनगर में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत नई मंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नई मंडी के पर्यवेक्षण में लूट और डकैती के मामले में वांछित 20,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को बागोवाली चौकी के पास मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 22,000 रुपये नकद, अवैध शस्त्र और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। थानाक्षेत्र नई मंडी के अंतर्गत स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास से अज्ञात लुटेरे 50 से अधिक भेड़-बकरियां पिकअप ट्रक में भरकर ले गए थे। घटना के समय एक अभियुक्त को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। इस मामले में थाना नई मंडी पर धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 06 अन्य अभियुक्तों के नाम सामने आए, जिनमें से 04 को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर धारा 309(4) हटाकर धारा 310(2)/317(2) बीएनएस बढ़ाई है।















