औरैया पीबीआरपी अकादमी, दिबियापुर में बुद्ध पूर्णिमा और मदर्स डे के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. ललित पाण्डेय और प्रबंधक इंजी. दिनेश पाण्डेय ने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेशों पर प्रकाश डाला और छात्रों को इन मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने बुद्ध की शिक्षाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें उनके जीवन और दर्शन को दिखाया गया। वहीं, मदर्स डे के मौके पर विद्यालय ने सभी माताओं के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। छात्रों ने अपनी माताओं के लिए गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत किए। कई छात्रों ने अपनी माताओं को हस्तनिर्मित कार्ड और उपहार भेंट किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सौरव कश्यप ने माताओं के निस्वार्थ प्रेम और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर संगीता दीक्षित, दिव्या दिवाकर, ज्योति चतुर्वेदी, रिचा पोरवाल, अनामिका सविता, रूचि, निशा समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।















