औरैया के अछल्दा कस्बा स्थित ग्राम गुनौली में पंचायत भवन के पास भोले बाबा मंदिर परिसर में भागवत कथा के दौरान भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। जैसे ही कथा में भगवान के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने-नाचने लगे। कथावाचक अरुण अवस्थी और कन्हैया अवस्थी ने कहा कि कलयुग में भागवत कथा का श्रवण ही मोक्ष का मार्ग है। उन्होंने बताया कि इस कथा से मन को शांति मिलती है और अहंकार का नाश होता है। आयोजन के दौरान भगवान की वेशभूषा में नन्हें बालक के दर्शन को लोग उत्सुक नजर आए। कथा में कृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया। सहायक उपव्यास दीपक तिवारी और परीक्षित माया देवी व प्रेम नारायण दीक्षित थे। इस अवसर पर अनुज तिवारी, मनोज तिवारी, शुशील, पंकज, रामजी, श्यामजी, शिवम, अंशु, ऋषि, मीनू, बिट्टू, बैभव सहित पूरे ग्राम के श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन से पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बन गया।















