पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अटकलों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने 24 घंटे के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दूसरी बार मुलाकात की है। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब सीमा पार से बढ़ती आतंकी गतिविधियों और जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए हमलों ने केंद्र सरकार की चिंता बढ़ा दी है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही घुसपैठ और आतंकियों को समर्थन देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
डोभाल की इस दोहरी मुलाकात को सामान्य प्रक्रिया नहीं माना जा रहा है, बल्कि इसे एक बड़े और निर्णायक फैसले की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भारत अब पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ठोस कदम उठा सकता है। रक्षा और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है, और सीमा पर गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की जा रही है।पिछले कुछ महीनों में एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकवादियों की घुसपैठ की कई कोशिशें सामने आई हैं, जिनमें सुरक्षा बलों ने कई आतंकियों को ढेर किया है। सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।















